National Games: मशाल ‘तेजस्विनी’ का गोपेश्वर में हुआ भव्य स्वागत, पांडवाज के गीतों पर जमकर झूमे युवा – Namo Uttarakhand News

National Games: मशाल ‘तेजस्विनी’ का गोपेश्वर में हुआ भव्य स्वागत, पांडवाज के गीतों पर जमकर झूमे युवा

DEHRADUN,UTTARAKHAND 

38वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल ‘तेजस्विनी’ का जिला मुख्यालय गोपेश्वर पहुंचने पर जिलाधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों व खेल प्रेमियों ने भव्य स्वागत किया। वहीं, पांडवाज ग्रुप की ओर से राष्ट्रीय खेलों के थीम सांग ‘हल्ला धूम धड़ाका’ सहित कई गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पुलिस मैदान में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में उत्साह भर दिया। पांडवाज के गीतों पर युवा जमकर थिरके।

खेलों की मशाल को खेल मैदान गोपेश्वर से मुख्य बाजार होते हुए आईटीबीपी के बैंडों की धुनों के साथ भव्य रैली निकालते हुए पुलिस मैदान तक लाया गया। पुलिस मैदान में जिलाधिकारी संदीप तिवारी, एसपी सर्वेश पंवार, अर्जुन पुरस्कार विजेता सुरेंद्र सिंह कनवासी सहित अन्य ने मशाल तेजस्विनी का स्वागत किया। जिलाधिकारी ने मशाल का औपचारिक अनावरण किया। डीएम ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का मौका उत्तराखंड को मिलना गौरव का विषय है। इससे देवभूमि भविष्य में खेल भूमि के रूप में भी विकसित होगी। कहा कि जिले में खेल सुविधाओं को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

हेजी सार्यों मां फूली गे होली फ्यूंली, मैं घोर छोड्यावा..

जनपद में पहली बार पांडवाज ग्रुप ने अपनी प्रस्तुतियां दी। ग्रुप की पहली से लेकर अंतिम प्रस्तुति तक लोग झूम उठे। युवा जो जहां बैठे थे, वहीं नाचते दिखे। प्रस्तुतियों पर बुजुर्ग भी अपने को रोक नहीं पाए और अपनी जगह पर खड़े होकर नाचने लगे। ग्रुप के बाद अक्षत नाट्य संस्था के कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। भोटिया जनजाति की महिलाओं ने पौणा नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को बांधे रखा।

खेल प्रेमियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान बीजिंग औलंपिक में कांस्य पदक विजेता व अर्जुन पुरस्कार विजेता सुरेंद्र सिंह कनवासी, वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अशोक रावत, प्रशिक्षक रमेश पंखोली व राष्ट्रीय खेलों के शुंभकर मौली के साथ चल रहे आईटीबीपी के बैंड ग्रुप को जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सम्मानित किया।

मशाल व मौली के साथ सेल्फी लेते रहे लोग

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय खेलों की मशाल तेजस्विनी और मस्कट मौली के साथ लोगों ने खूब सेल्फी ली। युवाओं में सेल्फी को लेकर खासा क्रेज देखा गया। कार्यक्रम में बीएड संकाय के साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *