उत्तराखंड विधानसभा सत्र: 27 अक्तूबर को सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट, एजेंडा तय, नहीं पहुंचे कांग्रेस नेता – Namo Uttarakhand News

उत्तराखंड विधानसभा सत्र: 27 अक्तूबर को सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट, एजेंडा तय, नहीं पहुंचे कांग्रेस नेता

DEHRADUN,UTTARAKHAND

उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में 27 अक्तूबर से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र के पहले ही दिन अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। दूसरे दिन बजट पारित होगा। शनिवार को हुई कार्यमंत्रणा बैठक में दो दिन सत्र संचालन का एजेंडा तय हुआ। सर्वदलीय बैठक में सभी दलों से संचालन में सहयोग की अपेक्षा की गई। वहीं, कांग्रेस ने दोनों बैठक का बहिष्कार किया। बार विधानसभा सत्र में सात हजार करोड़ से ज्यादा का अनुपूरक बजट आएगा। कैबिनेट इस पर मुहर लगा चुकी है।

शनिवार को यमुना कॉलोनी स्थित विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण के आवास पर कार्यमंत्रणा व सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल और बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद शामिल हुए। कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक प्रीतम सिंह ने बैठक का बहिष्कार किया। बैठक में तय हुआ कि सत्र के पहले दिन निधन प्रस्ताव लाया जाएगा, जिसके तहत पूर्व मुख्यमंत्री जनरल बीसी खंडूड़ी, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट व अन्य सदस्यों के निधन पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। पहले ही दिन भोजनावकाश के बाद सात हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा।
वहीं, कई विधेयक और विभाग, निगमों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन पटल पर रखी जाएंगी। सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल होगा और बजट पारित हो जाएगा। इसके साथ ही सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगा। बैठक में सभी दलों से सत्र संचालन में सहयोग का आग्रह किया गया है।