उत्तराखंड: केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से मिले सीएम, हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए 325 करोड़ की सहायता का किया अनुरोध

DEHRADUN ,UTTARAKHAND
विज्ञापन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर हरिद्वार शहर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग 325 करोड़ की परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से आगामी कुंभ-2027 को देखते हुए इस परियोजना के तहत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने एवं प्रणाली के स्वचालन के लिए भी पहले चरण में 325 करोड़ की धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने के लिए कहा, साथ ही द्वितीय चरण के तहत शेष लगभग 425 करोड़ की धनराशि भी अनुमोदित करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार एवं ऋषिकेश में आगामी कुंभ-2027 की तैयारियों के बारे में हरिद्वार में घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, इन कार्यों से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय यातायात को सुदृढ़ करने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार एवं ऋषिकेश तक विस्तारित करने के साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया, ताकि इन शहरों के मध्य आवागमन को सुगम बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा, इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी, यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा, यह पहल उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन एवं समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




