दून मेडिकल कालेज में नए साल में दिखेंगे ये बदलाव, हुआ ये फैसला – Namo Uttarakhand News

दून मेडिकल कालेज में नए साल में दिखेंगे ये बदलाव, हुआ ये फैसला

DEHRADUN,UTTARAKHAND 

अस्पतालों में बेड पर हर दिन बिछेगी अलग-अलग रंग की चादर, मंगल को गुलाबी तो बुध को होगा हरा कलर ।

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक जनवरी से रोजाना अलग-अलग रंग की चादरें बिछाई जाएंगी जिससे मरीजों को हर दिन धुली चादरें मिलें। वार्डों की सफाई और मरीजों की शिकायतों को दूर करने के लिए यह कदम उठाया गया है। साथ ही अस्पताल में गेट पास सिस्टम लागू होगा जिससे मरीज के साथ सिर्फ एक तीमारदार को रहने की अनुमति मिलेगी।

दून मेडिकल कालेज अस्पताल में अब बेड पर हर दिन अलग-अलग रंग की चादर बिछाई जाएगी। इसका मकसद अस्पताल में रोजाना चादर बदलना जरूरी करना है। रोज अलग रंग की चादर बिछाएं जाने से मरीजों को रोज धुली चादर मिलेगी। नयी व्यवस्था एक जनवरी से लागू कर दी जाएगी।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि विभागीय मंत्री के आदेशानुसार अस्पताल में हर दिन अलग रंग की चादर बिछाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सफेद, मंगलवार को गुलाबी, बुधवार को हरा, गुरुवार को पीला, शुक्रवार को बैंगनी, शनिवार को नीला और रविवार को हल्के भूरे रंग की चादर बिछाई जाएंगी। चादर खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अस्पताल में वार्डो की सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मरीज व उनके परिजन की अक्सर शिकायत रहती थी कि बेड पर चादर नहीं बदली जाती है। एक ही चादर कई दिन तक बेड पर पड़ी रहती है। सात दिनों में सात रंग की चादर के पीछे एक कारण मरीजों की इस शिकायत को भी दूर करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *